आरोपी कोच 9 दिन बाद गिरफ्तार
Share
पुलिस ने 2500 किलोमीटर पीछा कर दूसरे राज्य से दबोचा
उदयपुर, 2 सितंबर
शहर के फतहपुरा स्थित आलोक स्कूल में 13 वर्षीया नाबालिग छात्रा के साथ कुकृत्य करने वाले आरोपी को उदयपुर पुलिस 9 दिन बाद गिरफ्तार करने में सफल रही। इसके लिए आरोपी का 2500 किलोमीटर तक का पीछा किया।
आरोपी प्रदीप सिंह झाला (52) आलोक स्कूल में वेट लिफ्टिंग कोच था और कई राज्यों में भागने के बाद उदयपुर के कोर्ट चौराहे से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे हिरासत में भेज दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि फरारी के दौरान आरोपी ने गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा सहित छह राज्यों में समय बिताया। आरोपी प्रदीप सिंह को उन्होंने आपराधिक प्रवृत्ति का बताया और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसके खिलाफ पहले भी चोरी, लूट और डकैती के मामले दर्ज हैं और वह तीन महीने जेल में भी रह चुका है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
बैंक खाते करा दिए थे फ्रीज
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसके मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी निकाली और उसके बैंक खातों को फ्रीज कर दिया, ताकि वह भागने के लिए पैसों का इस्तेमाल न कर सके। पैसों की कमी और लगातार पीछा किए जाने के कारण आरोपी उदयपुर लौटा। पुलिस को सूचना मिली कि वह कोर्ट चौराहे के पास किसी से पैसे लेने आने वाला है। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश, बाएं पैर में आई चोट
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जब पुलिस आलोक स्कूल ले गई तो उसने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की और झाड़ियों में कूद गया। इस दौरान वह गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके बाएं पैर में चोट आई। उसे इलाज के लिए एमबी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिरासत से भागने के प्रयास का एक और मामला दर्ज किया है।
यह था मामला
26 अगस्त को पीड़िता के पिता ने अंबामाता थाने में कोच प्रदीप सिंह के खिलाफ अंबामाता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता आलोक स्कूल में 8वीं की छात्रा थी और वेट लिफ्टिंग के लिए प्रदीप सिंह झाला से ट्रेनिंग ले रहा थी। 25 अगस्त को कोच ने फोन करके उनकी बेटी को अकेले स्कूल बुलाया। दोपहर करीब 2 बजे जब छात्रा स्कूल पहुंची। प्रदीप सिंह ने उसे धमकाया और जबरन उसके कपड़े उतारकर फोटो खींचे। इसके बाद उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और उसे धमकी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसके पिता को उठवा लेगा और वह नेशनल लेवल पर नहीं खेल पाएगी। डरी-सहमी छात्रा ने घर आकर पूरी घटना अपने पिता को बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज की गई।
