आवरा क्षेत्र में तेंदुए की दहशत: तीन दिन में दो बार दिखा, ग्रामीण सहमे
Share
रात को बच्चों का बाहर निकलना बंद, पिंजरा लगाने की मांग
उदयपुर। 4 अगस्त
कुराबड़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत बोरी के आवरा और केड़िया गांव के बीच तेंदुए की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। रविवार रात करीब 9 बजे एक तेंदुआ मुख्य सड़क पर दिखाई दिया। बंबोरा निवासी दुकानदार शिवलाल पटेल अपने भाई रमेश और मां को अस्पताल से घर ला रहे थे, तभी रास्ते में तेंदुआ उनकी कार की लाइट पड़ते ही आगे-आगे दौड़ने लगा और फिर एक दीवार पर बैठ गया। शिवलाल ने तेंदुए का वीडियो भी बनाया।
यह तीन दिनों में दूसरी घटना है। इससे पहले एक अगस्त की रात बंबोरा-आवरा मार्ग पर भी तेंदुआ नजर आया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से गांव में डर का माहौल है। रात को बच्चों को बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। सूचना मिलने पर विभागीय टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं की गई तो बड़ी घटना हो सकती है।
