उदयपुर में लिफ्ट हादसा: महिला ढाई घंटे तक फंसी
Share
दीवार तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाली गई
उदयपुर: शहर के न्यू आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित अमर विलास अपार्टमेंट में आज सुबह एक महिला करीब ढाई घंटे तक लिफ्ट में फंसी रही। हादसा तब हुआ जब लिफ्ट ग्राउंड फ्लोर पर जाने के लिए नीचे जा रही थी, लेकिन अचानक तेज गति से ऊपर की ओर रिवर्स चल गई और छत की दीवार से टकरा गई।
पाँचवे माले पर रहने वाली भाग्यश्री अपने बेटे का स्कूल आईकार्ड देने के लिए अकेली लिफ्ट में बैठीं। करीब 8.20 बजे ग्राउंड प्रेस करने के बाद लिफ्ट अचानक ऊपर की ओर चली और छत से टकराकर वहीं फंस गई। टकराने के बाद लिफ्ट की लाइट और डस्ट सहित अन्य सामान महिला पर गिर गया। अंदर से महिला ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई सुन नहीं पाया।
कुछ समय बाद छठे माले पर गुजर रही कामवाली बाई को आवाज सुनाई दी और उसने मौजूद लोगों को बताया। भीड़ इकट्ठा हुई, लेकिन महिला की स्थिति का पता नहीं चल पाया। बाद में ड्रिल मशीन मंगाई गई और दीवार में छेद कर धीरे-धीरे महिला तक हवा पहुंची। महिला ने भी गेट खींचने का प्रयास किया। करीब साढ़े दस बजे दीवार तोड़कर और गेट खींचकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
