घुसपैठियों ने वोटर बनकर की सौदेबाजी: पूनिया
Share
कांग्रेस की पहचान भी खतरे में, देश को किया असंतुलित – पूर्व प्रदेशाध्यक्ष का आरोप
उदयपुर। 6 अगस्त
हरियाणा भाजपा के प्रभारी और राजस्थान के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने डूंगरपुर में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राखी पर्व पर विजया राजे सिंधिया ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पूनिया ने कहा कि कांग्रेस अब पहचान के लिए भी मोहताज हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते देश में घुसपैठियों को शरण दी। रोहिंग्या जैसे लोग असम, त्रिपुरा, नागालैंड सहित पूर्वोत्तर में घुस आए और फर्जी दस्तावेज बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने लगे। पूनिया ने दावा किया कि इन घुसपैठियों ने मतदाता बनकर राजनीतिक दलों से सौदेबाजी शुरू कर दी, जिससे देश में संख्यात्मक असंतुलन और मूल निवासियों के अधिकार प्रभावित हुए।
पूनिया ने बिहार की मतदाता सूचियों में 65 लाख फर्जी मतदाताओं की पहचान का हवाला देते हुए कहा कि हर चुनाव के बाद कांग्रेस ईवीएम पर सवाल खड़ा करती है, लेकिन सच्चाई यह है कि फर्जी वोटर उसके शासनकाल की देन हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब क्षेत्रीय दलों की मेहरबानी पर टिकी है और “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” देख रही है। राजस्थान में भाजपा ने बहुमत से सरकार बनाई है और यह सरकार पूरे पांच साल चलेगी।
पूनिया ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार रेंगते-रेंगते और आपसी कलह से जूझते हुए पांच साल पूरे कर पाई थी, जो शासन व्यवस्था के लिहाज से सबसे खराब समय था। इस अवसर पर महिलाओं ने पूनिया सहित भाजपा नेताओं को राखी बांधी और रक्षा सूत्र बंधन समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
