जमीन घोटाले में हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपी गिरफ्तार
Share
करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला
उदयपुर, 20 अगस्त: प्रतापनगर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपए की जमीन धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आयुष लोढा पुत्र नीलम लोढा निवासी भूपालपुरा और चेतन शर्मा पुत्र रामलाल शर्मा निवासी अमल का कांटा सूरजपोल शामिल हैं। आयुष लोढा थाना भूपालपुरा का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी दलीचंद पुत्र चुनाजी निवासी देवाली नीमचखेडा ने शिकायत दी थी कि आरोपियों ने ढीकली में 6 बीघा जमीन का सौदा 2.33 करोड़ रुपये में तय कर 1.19 करोड़ रुपये की राशि फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़प ली। बाद में पता चला कि जमीन उनके नाम की ही नहीं थी और डमी खातेदारों के माध्यम से उप-पंजीयन कार्यालय डूंगरपुर में फर्जी मुख्तियारनामा तैयार कर सौदा किया गया।
इस मामले में पहले ही 6 आरोपी — रोशनलाल भील, कल्याण सिंह, राजेंद्र सिंह देवड़ा, राजू ननोमा, नारायणलाल और हर्ष आर्य गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।
मुख्य आरोपी आयुष लोढा लंबे समय से फरार था और गोवा से लौटते समय पुलिस ने उसका फिल्मी अंदाज में पीछा कर अहमदाबाद-उदयपुर मार्ग से गिरफ्तार किया। चेतन शर्मा को भी उदयापोल क्षेत्र से दबोचा गया। दोनों आरोपियों को एससी/एसटी वर्ग की जमीनों की फर्जी बिक्री में संलिप्त पाया गया है। फिलहाल आयुष लोढा 21 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर है और मामले की जांच जारी है।
