डीजीपी शर्मा ने देवगढ़ थाने का निरीक्षण कर दिए सख्त दिशा-निर्देश
Share
राजसमंद। 27 अगस्त
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने मंगलवार देर शाम देवगढ़ थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड का बारीकी से जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीजीपी के आगमन पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने स्वागत कक्ष, क्राइम रिकॉर्ड रूम और ड्यूटी ऑफिसर कक्ष का अवलोकन किया तथा साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष बल दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने में आने वाले हर शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार किया जाए, जिससे जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो।
इस मौके पर उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक पारस चौधरी और थानाधिकारी अनिल बिश्नोई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था को और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
