LOADING

Type to search

दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में बाढ़ का कहर

National

दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में बाढ़ का कहर

Share

अजमेर में तालाब टूटा, 1000 घर जलमग्न; पंजाब में अब तक 43 मौतें
नेशनल डेस्क, उदयपुर : 5 सितम्बर
लगातार बारिश से उत्तर भारत के कई राज्यों में तबाही मच गई है। दिल्ली-NCR में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। नोएडा सेक्टर-135 और 151 में 3-4 फीट तक पानी भर गया है। गुरुग्राम की सिग्नेचर ग्लोबल सलोरा सोसाइटी में पानी घुसने से महिलाएं और बच्चे घरों में फंस गए।
हरियाणा के पंचकूला, हिसार, रोहतक और झज्जर में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और फरीदाबाद में भी आंशिक रूप से स्कूल बंद रहे।
अजमेर में तालाब टूटा, मचा हाहाकार
राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार रात भारी बारिश के बाद बोराज तालाब की दीवार टूट गई। अचानक पानी भर जाने से 1000 से ज्यादा घरों में सैलाब आ गया। लोग छतों पर चढ़कर जान बचाने को मजबूर हो गए। पानी के तेज बहाव में कई वाहन बह गए और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चला और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
पंजाब में 43 मौतें, फसलें चौपट
पंजाब में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहां अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 23 जिलों के 1,655 गांव बुरी तरह प्रभावित हैं। करीब 3.55 लाख लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं। 1.71 लाख हेक्टेयर जमीन पर खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *