LOADING

Type to search

परिवार नियोजन के ‘सुख’ में नहीं मिलेगा ‘दर्द’

Local

परिवार नियोजन के ‘सुख’ में नहीं मिलेगा ‘दर्द’

Share

उदयपुर समेत 4 जिलों में शुरू हुआ दर्द रहित ‘अंतरा’ इंजेक्शन
सुभाष शर्मा

उदयपुर। 29 अगस्त
परिवार नियोजन को लेकर अब तक झिझकती रही ग्रामीण महिलाएं अब राहत की साँस ले सकती हैं। राजस्थान में गर्भनिरोधक इंजेक्शन ‘अंतरा’ का एक नया और दर्दरहित संस्करण लॉन्च किया गया है, जो न केवल लगाने में आसान है, बल्कि इसके साइड इफेक्ट भी कम हैं। यह नई तकनीक विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए एक वरदान साबित हो सकती है, जो दर्द और असुविधा के कारण परिवार नियोजन के इस प्रभावी तरीके को अपनाने से हिचकिचाती थीं।
नए ‘अंतरा’ इंजेक्शन को सबक्यूटेनियस (त्वचा के नीचे) लगाया जाता है, जबकि इसका पुराना संस्करण मांसपेशियों में गहराई तक लगता था। इसकी सुई इतनी पतली और छोटी है कि लगाने का अनुभव लगभग दर्द रहित होता है। यह इंजेक्शन प्री-फिल्ड सिरिंज में आता है, जिससे इसे लगाना और भी आसान हो जाता है।
जिला प्रशिक्षक डॉ. कैलाश शर्मा के अनुसार, इस नए इंजेक्शन में दवा की मात्रा (104 एमजी/0.65एमएल) कम है, लेकिन इसका असर पुराने इंजेक्शन (150 एमजी/एमएल) के बराबर ही, यानी तीन महीने तक रहता है। कम दवा की मात्रा के कारण हार्मोनल बदलाव और अन्य दुष्प्रभावों में भी कमी देखी गई है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा फायदा है।
गांवों में बढ़ेगी स्वीकार्यता
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि इस सरल तकनीक के कारण अब एएनएम (ऑक्सिलियरी नर्स मिडवाइफ) भी इसे आसानी से लगा सकेंगी। इससे यह सुविधा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप-केंद्रों तक पहुँच पाएगी। पायलट प्रोजेक्ट के तहत, उदयपुर के झाड़ोल और खेरवाड़ा ब्लॉक में एएनएम को प्रशिक्षित किया जा चुका है और जल्द ही यह प्रशिक्षण जिले के सभी ब्लॉक में दिया जाएगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन कार्यक्रमों की स्वीकार्यता बढ़ाएगी, क्योंकि अब महिलाओं को न तो दूरदराज के अस्पतालों तक जाना पड़ेगा और न ही इंजेक्शन के दर्द को सहना पड़ेगा। यह कदम न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगा, बल्कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *