महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट में “महाराणा प्रताप एक्सप्रेस” पर्यटक ट्रेन का भी प्रस्ताव
Share
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी पहुंचीं कुंभलगढ़, टूरिस्ट सर्किट पर ली अहम बैठक
नाथद्वारा| 18 अगस्त 2025
राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने सोमवार को कुंभलगढ़ उपखंड क्षेत्र के दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने सबसे पहले कुंभलगढ़ दुर्ग परिसर स्थित प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर में दर्शन कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने पर्यटकों से आत्मीय संवाद किया और उनसे पर्यटन विकास को लेकर सुझाव भी लिए।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री भोपजी की भागल स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर कविताएं और कहानियां सुनीं तथा उन्हें स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले भोजन और दूध की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सुविधाओं में कोई कमी न रहने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। दीया कुमारी ने ग्राम गढ़बोर स्थित चारभुजानाथ मंदिर में भी दर्शन कर श्रद्धालुओं से आत्मीयता से मुलाकात की।
कुंभलगढ़ दुर्ग में उन्होंने महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लाखावत, विधायकगण, पर्यटन विभाग के अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्राथमिकताओं के अनुरूप इस सर्किट को जल्द मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोगुंदा, हल्दीघाटी, दीवेर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और कुंभलगढ़ जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर विकास कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने भविष्य में “महाराणा प्रताप एक्सप्रेस” जैसी पर्यटक ट्रेन चलाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट के विकास के लिए बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जिस पर त्वरित गति से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
