राजस्थान के भीलवाड़ा में अनोखा टोटका: गधों को गुलाब जामुन खिलाकर अच्छी बारिश की कामना
Share
उदयपुर: राजस्थान में जहां एक ओर बारिश ने कई इलाकों में हाहाकार मचा रखी है, वहीं भीलवाड़ा जिले के कुछ हिस्सों में बारिश की कमी से लोग परेशान हैं। अच्छी बारिश हो, इसके लिए भीलवाड़ा जिले में सोमवार को बारिश की कामना के लिए ग्रामीणों ने एक अनूठा और पारंपरिक टोटका किया। सहाड़ा तहसील के महेंद्रगढ़ गांव में ग्रामीणों ने गधों को गुलाब जामुन खिलाकर मानसून को प्रसन्न करने की रस्म निभाई।
कार्यक्रम की अगुआई पूर्व सरपंच रामधन सोमानी ने की। इस मौके पर गधों को पहले स्नान कराया गया और फिर तिलक लगाकर माला पहनाई गई। गधों के मालिकों का साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विधिवत आरती उतारी गई और गधों को गुलाब जामुन खिलाए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण इस अनोखे आयोजन में शामिल हुए और झमाझम बारिश की कामना की।
ग्रामीणों का कहना था कि बीते कई दिनों से मानसून कमजोर हो गया था। जिले के कुछ हिस्सों में अच्छी बरसात हुई, लेकिन महेंद्रगढ़ और आसपास के इलाकों में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई। ऐसे में पारंपरिक मान्यता के अनुसार गधों को दावत देने और पूजा करने से मानसून मेहरबान होता है।
एडवोकेट मनोज कुमार भाटी ने बताया कि गांव में वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है। मान्यता है कि जब बारिश की कमी रहती है, तो गधों को विशेष दावत दी जाती है और इससे इंद्रदेव प्रसन्न होकर अच्छी बारिश कराते हैं। इसी विश्वास के साथ ग्रामीणों ने आयोजन किया।
कार्यक्रम के बाद महेंद्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बारिश भी शुरू हो गई। ग्रामीणों ने इसे परंपरा का परिणाम मानते हुए खुशी जाहिर की और कहा कि अब खेतों में बुवाई और फसलों की बढ़वार को सहारा मिलेगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। गधों को गुलाब जामुन खिलाने का यह अनोखा दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
