राज्यपाल ने आदिवासी बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन, केक काटकर खिलाया
Share
-राज्यपाल का जनजातीय समुदाय के साथ संवाद, बच्चों को सुनाई प्रेरक कहानियां
उदयपुर, 17 अगस्त: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ ने अपना जन्म दिन आदिवासी लोगों के साथ मिल बैठकर मनाया। अपने जन्म दिन की पूर्व सांझ वह सलूम्बर जिले के ग्राम बरोड़ा पहुंचे थे। रात्रि विश्राम भी उन्होंने आदिवासी गांव में ही किया। उन्होंने रात्रि में लोगों के साथ चौपाल की। खाट पर बैठकर जनजातीय लोगों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान जनजातीय समुदाय राज्यपाल को अपने बीच पाकर अभिभूत हो गया। बच्चों ने राज्यपाल के पास पहुंचकर उन्हें अपने सृजन कर्म से अवगत कराया। राज्यपाल ने भी बच्चों को दुलार देते हुए उनको प्रेरक कहानियां सुनाई।
राज्यपाल ने जन्म दिन की सुबह रविवार को बरोड़ा के आदिवासी समुदाय की समस्याओं, शिक्षा की स्थिति के बारे में भी विशेष रूप से जानकारी ली। उन्होंने भील समाज और उनकी परम्पराओं के संरक्षण पर भी स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने जन्म दिन पर आदिवासी गांव में पौधारोपण भी किया।
राज्यपाल बाद में गांव के एकलव्य मॉडल स्कूल पहुंचे। वहां आदिवासी बच्चों के बीच उन्होंने जन्म दिन का केक काटकर सबसे पहले उन्हें ही उसे खिलाया। बच्चों के साथ उन्होंने मिल—बैठकर खूब बातें की। आदिवासी समुदाय के बच्चों को खूब पढ़ने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया। बच्चों से उन्होंने मेवाड़ की वीर धरा, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और भीलों की सहायता से युद्ध करने की कहानियां सुनाई।
राज्यपाल बागडे़ ने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं से आदिवासियों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थी संवाद में चेक वितरण किया और आदिवासी उत्पादों के अधिकाधिक विपणन के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि और आरोग्य योजना के माध्यम से गरीब और आदिवासी समुदाय के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सभी मिलकर कार्य करें। आदिवासी समुदाय की शत प्रतिशत शिक्षा के लिए उन्होंने हर संभव सहयोग करने और उन्हें प्रेरित कर पढ़ाने, योजनाओं से लाभान्वित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सलूम्बर विधायक शान्ता अमृत लाल मीणा ने स्वागत उद्बोधन दिया और उन्होंने कहा कि राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ ने अपना जन्मदिन बच्चों के साथ मनाया ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है और दूरदराज के गांवों में आकर आमजन से बात करने वाले राज्यपाल है और जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित की।
उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने कहा कि सलूंबर जिले के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवान्वित करने वाला पल है। ये तो बहाना है कि जन्मदिन के मौके पर पधारे हैं। यह हमारे लिए यह गौरवान्वित करने वाला पल है। उन्होंने बताया कि सलूंबर नया जिला है और यहां डीएमएफटी का गठन कर दिया गया है और ग्राम पंचायत स्तर तक अब आसानी से विकास कार्य होंगे। उन्होंने बताया कि जिले में धरती आबा अभियान के तहत जिले 10 छात्रावास खोले गए हैं तथा आने वाले समय में युवाओं से नेतृत्व करने की बात कही।
राष्ट्रपति, अमित शाह व मुख्यमंत्री भजनलाल ने दी बधाई
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ के जन्मदिन पर रविवार अल सुबह से ही फोन पर बधाई का सिलसिला शुरू हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें फोन कर बधाई दी और स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
राज्यपाल बागडे़ को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने विशेष रूप से बधाई और शुभकामनाएं दी। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, विधानसभा के अध्यक्ष प्रो. वासुदेव देवनानी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे आदि ने भी फोन कर राज्यपाल बागडे को जन्मदिन की बधाई और मंगलकामनाएं दी। इन सबने राज्यपाल बागडे़ को जमीन से जुड़ा आदर्श व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व प्रेरणादायक है।
राज्यपाल बागडे़ ने अपने जन्मदिन पर मिली बधाइयां और शुभकामनाओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विशिष्ट जनों, गणमान्य जनों और आम जन का प्यार और सद्भाव ही उनके जीवन की प्रेरणा है।
