लुटेरी दुल्हन का भंडाफोड़: इंदौर की सलोनी 10वीं शादी से पहले महाराष्ट्र में पकड़ी गई
Share
बांसवाड़ा के युवक से 3.70 लाख लेकर भागी, 15 दिन रही थी पत्नी बनकर
उदयपुर। 5 अगस्त
बांसवाड़ा जिले के घाटोल निवासी भुवनेश जैन की जिंदगी में पत्नी बनकर आई 20 वर्षीय सलोनी सोलंकी असल में एक शातिर लुटेरी दुल्हन निकली। इंदौर निवासी सलोनी ने शादी से पहले 500 रुपए के स्टांप पर विवाह का इकरारनामा कर भुवनेश से 3.70 लाख रुपए लिए और शादी के बाद केवल 15 दिन उसके साथ रही।
इसके बाद सलोनी ने पिता की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया और 87 हजार रुपए लेकर इंदौर चली गई। एक माह तक फोन पर टालमटोल करती रही। भुवनेश को शक हुआ तो उसने जानकारी जुटाई और हैरान रह गया — सलोनी पहले ही दो शादियां कर चुकी थी, बांसवाड़ा में यह उसकी तीसरी शादी थी। एक ही माह में उसने 6 और शादियां कीं। 1 अगस्त को महाराष्ट्र के बुलढाणा में वह 10वीं शादी करने पहुंची तो पुलिस के हत्थे चढ़ गई।
भुवनेश ने बताया कि यह रिश्ता दलाल सरिता जैन के जरिए तय हुआ था। शादी से पहले सलोनी को महंगे कपड़े, सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल और अन्य सामान मिला, जिसकी कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए थी। वह सब लेकर सलोनी फरार हो गई। पीड़ित भुवनेश ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सलोनी और दलाल सरिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
