सर्राफा व्यापारी की संदिग्ध हालात में मौत पर बवाल
Share
पुलिस प्रताड़ना का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
उदयपुर। 7 अगस्त
सर्राफा एसोसिएशन बांसवाड़ा ने बिछीवाड़ा (डूंगरपुर) के सर्राफा कारोबारी सुरेश पंचाल की मौत को पुलिस प्रताड़ना का नतीजा बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। व्यापारी पंचाल को केसरियाजी थाना पुलिस ने धारा 411 के तहत गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई, जिससे पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले को लेकर सर्राफा एसोसिएशन बांसवाड़ा और वागड़ क्षेत्रीय व्यापार संघ ने अध्यक्ष पवन कुमार जैन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री और जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पंचाल की हिरासत के दौरान मौत हुई और उसके शरीर पर चोटों के निशान थे, जो प्रताड़ना की ओर इशारा करते हैं। व्यापारियों ने विरोधस्वरूप अपने प्रतिष्ठान दोपहर तक बंद रखे। बांसवाड़ा शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि इस प्रदर्शन में शामिल हुए। एसोसिएशन के सचिव पीयूष जैन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
