सीएमएचओ डॉ. बामनिया पांच महीने बाद फिर पावर में
Share
मिले डीडीओ पावर में
उदयपुर, 31 अगस्त
हाईकोर्ट के आदेश पर पांच महीने बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शंकर लाल एच. बामनिया को आहरण एवं वितरण (डीडीओ) अधिकार मिल गए। इस पद के अधिकार अभी तक अस्थायी सीएमएचओ (आरसीएचओ) डॉ. अशोक आदित्य के पास थे।
सीएमएचओ उदयपुर डॉ. बामनिया की हाईकोर्ट में लगाई अवमानना याचिका की सुनवाई के बाद जारी 9 अप्रेल 2025 को जारी आदेश की सुनवाई 1 सितम्बर को होनी थी। एक दिन पहले ही निदेशक जन स्वास्थ्य ने डॉ. बामनिया को सामान्य वित्त एवं लेखा नियम 3 के अंतर्गत आहरण एवं वितरण अधिकारी की शक्तियां सौंपे जाने के आदेश जारी कर दिए।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट की डिवीजन बैंक के आदेश पर डॉ. बामनिया ने 11 अप्रेल 2025 को उदयपुर सीएमएचओ का पदभार ग्रहण कर लिया था। किन्तु राज्य सरकार ने उन्हें डीडीओ पावर नहीं दिए। ऐसी स्थिति में सीएमएचओ का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे डॉ. अशोक आदित्य के पास इस पद की आहरण एवं वितरण अधिकार थे और वह इस पद के सभी कार्य देख रहे थे। जिसके खिलाफ डॉ. बामनिया पुन: अदालत पहुंचे थे।
डॉ. आदित्य को फिर संभालना होगा आरसीएचओ का पदभार
डॉ. शंकर एच. बामनिया के पावरफुल सीएमएचओ बनने के बाद संभावना जताई जा रही है कि डॉ. अशोक आदित्य को फिर जिला शिशु एवं प्रजनन अधिकारी (आरसीएचओ) का पदभार ग्रहण करना होगा। आठ महीने पहले मार्च में डॉ. शंकर एच. बामनिया का तबादला उदयपुर सीएमएचओ से प्रतापगढ़ के जिला अस्पताल में उप नियंत्रक पद पर कर दिया था। जिसे डॉ. बामनिया ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सिंगल बेंच के बाद डबल डिवीजनल बेंच में गए डॉ. बामनिया को राहत मिली और यहां सीएमएचओ का पदभार ग्रहण किया था। इससे पहले अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल और बाद में जिला शिशु एवं प्रजनन अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य को सीएमएचओ का अतिरिक्त पद भार सौंपा था।
डॉ. बामनिया और डॉ. आदित्य के बीच पॉवर गेम
सीएमएचओ पद को लेकर डॉ. शंकर एच. बामनिया और डॉ. अशोक आदित्य के बीच पॉवर गेम लंबे समय से चल रहा है। डॉ. दिनेश खराड़ी के सीएमएचओ पद से तबादले के बाद डॉ. शंकर एच.बामनिया सीएमएचओ बने। तब दोनों ही अधिकारियों के बीच बेहतर संबंध थे। किन्तु चिकित्सा विभाग ने जब डॉ. अशोक आदित्य को सीएमएचओ उदयपुर और डॉ. शंकर एच बामनिया का तबादला आरसीएचओ पद पर कर दिया था। तब से दोनों ही अधिकारियों के बीच ठन गई। अधीनस्थ पद को लेकर डॉ. बामनिया हाईकोर्ट पहुंचे तथा स्टे ले आए थे। जिसके बाद चिकित्सा विभाग ने डॉ. अशोक आदित्य के तबादला आदेश को वापस ले लिया था। आठ महीने पहले एक बार फिर चिकित्सा विभाग ने सीएमएचओ डॉ. शंकर एच बामनिया का तबादला फिर कर दिया और इस बार उन्हें प्रतापगढ़ जिला अस्पताल भेज दिया था। डिवीजनल बेंच के आदेश पर डॉ. बामनिया फिर से सीएमएचओ तो बन गए लेकिन विभाग ने उन्हें डीडीओ पावर नहीं सौंपे।
