LOADING

Type to search

उदयपुर में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद भड़का आक्रोश

Local

उदयपुर में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद भड़का आक्रोश

Share

पुलिस, एसडीएम की गाड़ी तोड़ी, रोड जाम कर किया प्रदर्शन, तीन थानों की पुलिस बुलाई गई

उदयपुर। 11 अगस्त
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में 8 वर्षीया एक मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद सोमवार को इलाके में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने डबोक-उदयपुर सर्विस रोड को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान भीड़ ने बसों, पुलिस और एसडीएम की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
दुष्कर्म की घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। तब बालिका अपने खेत पर गई थी। उसी दौरान एक व्यक्ति ने डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और बच्ची ने किसी तरह घर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। परिजनों ने बच्ची को तुरंत एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार, 39 से अधिक लोग हिरासत में
घटना की जानकारी सोमवार सुबह क्षेत्र में फैलते ही लोगों में आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण डबोक थाने के सामने जमा हो गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। विरोध प्रदर्शन ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया, जब गुस्साई भीड़ ने सड़क से गुजर रही बसों में तोड़फोड़ शुरू कर दी और उदयपुर-डबोक सर्विस लेन को जाम कर दिया। हालात को काबू करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और एसडीएम रमेश सिरवी मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ ने उनके वाहन में भी तोड़फोड़ कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, घासा, मावली और फतहनगर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में शराब के नशे में वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बाद में आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। दूसरी ओर, विरोध प्रदर्शन के दौरान राजकार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने के आरोप में 39 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस जांच जारी, एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाकर जरूरी सबूत जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, लेकिन पुलिस बल की तैनाती के कारण हालात नियंत्रण में हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *