कोटड़ा क्षेत्र में दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश, 252 गांव अंधेरे में डूबे
Share
उदयपुर, 7 सितंबर
कोटड़ा क्षेत्र में दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने से हालात बिगड़ गए हैं। लगातार बारिश के कारण कोटड़ा पूरी तरह से टापू बन गया है। कोटड़ा–देवला मार्ग पर स्थित साबरमती बांध का पानी पुलिया के ऊपर से बहने लगा, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। वहीं पानरवा के खाचन पुलिया पर भी पानी पूरे वेग से बह रहा है।
भारी बारिश से कोटड़ा–स्वरूपगंज मार्ग, पानरवा सहित कई प्रमुख रास्ते बाधित हो गए हैं। सड़कों पर तेज बहाव के कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। ग्रामीणों को घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानी हो रही है।
बारिश और आंधी के चलते बिजली आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। करीब 32 घंटे से कोटड़ा क्षेत्र के 252 गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। बिजली विभाग की टीमें दिक्कतों को दूर करने में जुटी हैं, लेकिन लगातार बारिश से कार्य में बाधा आ रही है।
प्रशासन ने हालात को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, जबकि राहत कार्य जारी हैं।
