को-ऑपरेटिव मूवमेन्ट को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी: सहकारिता मंत्री
Share
चित्तौड़गढ़ सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड के लाभांश वितरण समारोह में शामिल हुए मंत्री, सांसद व जनप्रतिनिधि
चित्तौड़गढ़। 24 अगस्त
राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि देश में भूमि विकास बैंकों की स्थिति सामान्य रूप से संतोषजनक नहीं है, लेकिन चित्तौड़गढ़ सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड का देश के पांच प्रमुख बैंकों में शामिल होना गर्व की बात है। वे रविवार को इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित लाभांश वितरण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
मंत्री दक ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों की पीड़ा समझते हुए सहकारी भूमि विकास बैंक को नया जीवन दिया है। किसानों को मजबूत बनाने के लिए गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की गई है, जिसके तहत एक लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लाभांश का वितरण हर जगह नहीं हो रहा, लेकिन चित्तौड़गढ़ में यह किसानों की ईमानदारी और लेन-देन की सुचिता के कारण संभव हुआ है।
सांसद सी.पी. जोशी और विधायकों ने गिनाई उपलब्धियां
समारोह में सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार सहकारिता मंत्रालय बनाकर को-ऑपरेटिव सेक्टर में नई ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा कि समय पर खाद-बीज, भंडारण क्षमता और दिन में बिजली मिलने पर किसानों को किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं रहेगी। कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड, दुर्घटना बीमा और सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ पहुंचाया है।
बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने किसानों की ईमानदारी को जिले की सबसे बड़ी ताकत बताया। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने कहा कि भजनलाल सरकार ने मृतप्राय बैंक को नया जीवन दिया और आज यह प्रदेश का नंबर वन बैंक बन गया है। इस अवसर पर बैंक के चेयरमैन बद्रीलाल जाट ने कहा कि सहकारिता किसानों की रीढ़ है। बैंक को डिजिटलाइजेशन और निजी भवनों से संचालित करने की कार्ययोजना पर तेजी से काम चल रहा है।
