गेहूं की जगह नकदी देने वाले डीलरों पर सख्त नजर : मंत्री गोदारा
Share
-70 वर्ष से अधिक बुजुर्गों को ई-केवाईसी से छूट, बांसवाड़ा में 88 हजार ने छोड़ा सब्सिडी का लाभ
बांसवाड़ा, 22 अगस्त: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि उचित मूल्य दुकानों पर पात्र उपभोक्ताओं को गेहूं के बदले नकदी देने की प्रवृत्ति पर अब सरकार कड़ी निगरानी रखेगी। इस तरह लाभ उठाकर बाजार में गेहूं बेचने वाले डीलरों पर कार्रवाई होगी। शुक्रवार को जिला कलेक्ट्री सभागार में उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आमजन में जागरूकता भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट दिक्कत और बुजुर्गों के अंगूठे की छाप पोस मशीन पर नहीं लग पाने की समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी से मुक्त कर दिया है। इससे बुजुर्ग लाभ से वंचित नहीं होंगे।
मंत्री ने जानकारी दी कि ‘गिव-अप अभियान’ के तहत बांसवाड़ा जिले में 88,827 लोगों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा सूची से नाम हटाया है, वहीं 1,66,841 नए पात्र लाभार्थियों को जोड़ा गया है। इस अभियान का उद्देश्य सक्षम लोगों को सब्सिडी छोड़ने के लिए प्रेरित कर गरीबों तक पोषणयुक्त अन्न पहुंचाना है। वर्तमान में योजना के तहत 25 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज, 10 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और मात्र 450 रुपये में प्रतिवर्ष 12 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को आधार सीडिंग व ई-केवाईसी का कार्य शीघ्र पूरा कराने और अपात्र परिवारों को सूची से बाहर करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, जिला परिषद सदस्य कृष्णा कटारा, जिला कलक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक गोयल व जिला रसद अधिकारी ओमप्रकाश जोतड़ मौजूद रहे।
उधर, भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष गायरी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंत्री गोदारा का साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, पूर्व सांसद मानशंकर निनामा, पूर्व विधायक हरेन्द्र निनामा सहित कई नेता उपस्थित रहे। संचालन दीपक जोशी ने किया तथा आभार जिला महामंत्री किरण जोशी ने जताया।
