घर में अकेली छात्रा ने की आत्महत्या, युवक पर आरोप
Share
डूंगरपुर, 26 अगस्त
डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के पाल मांडव गांव में मंगलवार को 11वीं कक्षा की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 15 वर्षीय अभिलाषा परमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी। उसके पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं, जबकि मां बाजार गई हुई थीं। जब मां लौटीं तो देखा कि बेटी फंदे पर लटकी हुई है। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि एक युवक अभिलाषा को लगातार परेशान कर रहा था, जिससे व्यथित होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव में इस घटना से शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीण प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि दोषी को कड़ी सजा मिल सके।
