चारभुजानाथ की शाही शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
Share
दूध तलाई में करवाया शाही स्नान
नाथद्वारा, 3 सितम्बर
राजसमंद जिले के विश्व प्रसिद्ध कृष्णधाम गढ़बोर चारभुजा में बुधवार को जलझूलनी एकादशी का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। प्रातः से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटने लगे और दोपहर होते-होते पूरा गढ़बोर भक्तिरस से सराबोर हो गया। भगवान चारभुजानाथ को शाही लवाजमे, 13 बैंड और 21 घुड़सवारों के साथ स्वर्णिम बेवाण में विराजमान कर अनुज मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। पुष्पवर्षा और अबीर-गुलाल की बौछारों के बीच जयकारों से गूंजते मार्गों से गुजरती शोभायात्रा जब दूध तलाई पहुंची तो वहां ठाकुरजी को शाही स्नान कराया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने तलाई के पवित्र जल की बौछार कर ठाकुरजी का जलवा पूजन किया। स्नान उपरांत अफीम (अमल) का भोग धराया गया और दूध तलाई की परिक्रमा के बाद ठाकुरजी पुनः निज मंदिर लौटे। इस दौरान गली-मोहल्लों की सड़कें गुलाल-अबीर से रंगीन हो उठीं और पूरा कस्बा भक्तिरस में डूब गया। मेला प्रांगण में राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, मुंबई और अन्य राज्यों से आए एक लाख से अधिक श्रद्धालु इस महोत्सव के साक्षी बने। व्यवस्था की दृष्टि से प्रशासन व पुलिस का भारी जाब्ता तैनात रहा। जलझूलनी एकादशी पर चारभुजानाथ की यह शाही शोभायात्रा मेवाड़ की आस्था और परंपरा का अद्भुत प्रतीक बनकर अविस्मरणीय छाप छोड़ गई।
