चित्तौड़गढ़ में बनास नदी में बही वैन, 3 की मौत, एक बच्ची लापता
Share
5 लोगों ने छत पर चढ़कर बचाई जान
चित्तौड़गढ़। 27 अगस्त
चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। गूगल मैप के बताए रास्ते पर चल रही एक वैन बनास नदी की टूटी पुलिया पर चढ़ गई और तेज बहाव में बह गई। वैन में एक ही परिवार के 9 सदस्य सवार थे। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 वर्षीय एक बच्ची अभी भी लापता है।
भोपाल सागर थाना क्षेत्र के काना खेड़ा गांव का परिवार भीलवाड़ा जिले में सवाई भोज मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था। रात करीब 1 बजे वे रास्ता भटक कर सोमी-उपरेड़ा पुलिया पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि मातृकुंडिया डैम का गेट खुला है और पुलिया पर पानी का तेज बहाव है, लेकिन ड्राइवर ने बात नहीं मानी और गूगल मैप पर दिखाए रास्ते पर बढ़ गया। पुलिया 3 साल से बंद पड़ी थी। पानी का वेग इतना तेज था कि वैन बहकर करीब 300 मीटर दूर चली गई।
पांच लोग छत पर चढ़कर बचे
तेज बहाव में वैन फंसते ही ड्राइवर मदनलाल ने कांच तोड़ा और छत पर चढ़ गया। उसने हिम्मत दिखाते हुए 5 लोगों को वैन की छत पर खींच लिया। वैन पर फंसे इन लोगों को बाद में एक मछुआरे अब्दुल जब्बार ने अपनी नाव से बचाया। इस दौरान उसने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी के बहाव के विपरीत जाकर सभी को सुरक्षित निकाला।
तीन शव बरामद, एक बच्ची की तलाश जारी
हादसे में 4 साल की खुशी पुत्री मदनलाल, चंदा (21) पत्नी हेमराज और ममता (25) पत्नी मदनलाल की मौत हो गई। बुधवार सुबह एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस टीम ने इनके शव नदी से बाहर निकाले। जबकि 6 साल की रूत्वी पुत्री हेमराज का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
प्रशासनिक अमला मौके पर
सूचना मिलते ही राशमी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात करीब 3 बजे सिविल डिफेंस की टीम ने भी रेस्क्यू शुरू किया। सुबह तक कलेक्टर आलोक रंजन, एसपी मनीष त्रिपाठी और विधायक अर्जुनलाल जीनगर भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।
बचाए गए लोग
हादसे से बचाए गए लोगों में मदनलाल (25) पुत्र देवीलाल, हितेश (16) पुत्र सोहन, लीला (18) पत्नी देवीलाल, 9 माह का काव्यांश पुत्र मदन और 9 माह का आयांश पुत्र देवीलाल शामिल हैं।
