LOADING

Type to search

ट्रम्प टैरिफ का असर: उदयपुर का मार्बल एक्सपोर्ट संकट में

Local

ट्रम्प टैरिफ का असर: उदयपुर का मार्बल एक्सपोर्ट संकट में

Share

-बड़े निवेशक और 70 से अधिक एक्सपोर्टर्स पर सीधा प्रभाव

उदयपुर। 27 अगस्त
अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर 25% अतिरिक्त शुल्क (कुल 50% टैरिफ) लगाने का असर उदयपुर के मार्बल उद्योग पर गहराने लगा है। उदयपुर से यूएसए को होने वाला मार्बल, ग्रेनाइट और क्वार्ट्ज एक्सपोर्ट बड़े स्तर पर प्रभावित हो रहा है। करोड़ों रुपए निवेश कर फैक्ट्रियां लगाने वाले उद्यमियों के लिए यह बड़ा झटका है।
निरस्त होने लगे एक्सपोर्ट ऑर्डर
उदयपुर मार्बल प्रोसेसर्स समिति के अध्यक्ष कपिल सुराणा के अनुसार, अतिरिक्त शुल्क लगने से उदयपुर के मार्बल, ग्रेनाइट और क्वार्ट्ज की कीमतें डेढ़ गुना हो गई हैं। इसी कारण अमेरिका के आयातकों ने ऑर्डर कैंसिल करना शुरू कर दिया है। उद्यमी अब सरकार से जीएसटी को 18% से घटाकर 5% करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि राहत मिलने पर स्थानीय बाजार से नुकसान की भरपाई संभव होगी।
70 से अधिक एक्सपोर्टर्स पर असर
मार्बल उद्यमी मोहन बोहरा ने बताया कि उदयपुर से अमेरिका एक्सपोर्ट करने वाले 70 से अधिक उद्यमी सीधे प्रभावित हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा असर उन निवेशकों पर है जिन्होंने 100 से 150 करोड़ तक का निवेश केवल यूएसए मार्केट पर आधारित फैक्ट्रियों में किया है। उदयपुर से हर रोज लगभग 100 कंटेनर अमेरिका जाते थे, लेकिन अब यह संख्या तेजी से घट रही है।
उदयपुर का मार्बल है खास
उद्यमी सुराणा ने बताया कि उदयपुर का प्राकृतिक मार्बल दुनिया में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। इसकी खासियत इसमें मिलने वाले रंगों और क्वालिटी में है। ऐसे रंग और शेड न तो किसी अन्य देश के मार्बल में मिलते हैं और न ही इतनी किफायती दर पर। इटली और ब्राजील में भी कुछ क्वालिटी मिलती है, लेकिन महंगी होने से उसकी मांग सीमित रहती है।
घरेलू बाजार में है बड़ी संभावनाएं
बोहरा का कहना है कि यदि सरकार जीएसटी में राहत देती है तो उदयपुर का मार्बल घरेलू बाजार में ही इतना खप जाएगा कि उद्यमियों को आपूर्ति करना मुश्किल हो जाएगा। फिलहाल मोरबी की टाइल्स ने मार्बल मार्केट पर असर डाला है, लेकिन गांवों तक यदि उदयपुर का मार्बल पहुंचने लगे तो गोदाम खाली हो जाएंगे।
राहत की उम्मीद
उद्यमियों का मानना है कि केंद्र सरकार यदि टैक्स स्ट्रक्चर में राहत दे तो अंतरराष्ट्रीय नुकसान की भरपाई घरेलू खपत से हो सकती है। फिलहाल ट्रम्प टैरिफ से उदयपुर के मार्बल उद्योग में गहरी चिंता छा गई है और बड़े निवेशक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *