डबोक रेप मामला विधानसभा में गूंजा
Share
मावली विधायक डांगी बोले – अवैध शराब दुकान और निर्दोषों की गिरफ्तारी का जिम्मेदार कौन?
उदयपुर, 3 सितम्बर
राजस्थान विधानसभा में मावली विधायक पुष्करलाल डांगी ने उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में 23 दिन पहले हुई 8 साल की बच्ची से रेप की घटना और उसके बाद हुए पथराव व तोड़फोड़ का मुद्दा उठाया।
डांगी ने सदन में कहा कि डबोक थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर अवैध शराब की दुकान संचालित हो रही थी। इसी जगह नशे में धुत कुछ लोगों ने मासूम से दुष्कर्म किया। बालिका को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए।
उन्होंने बताया कि अगले दिन सुबह परिजनों ने थाने के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन दोपहर एक बजे तक प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इस दौरान कुछ लोग आक्रोशित हो गए और पथराव व गाड़ियों में तोड़फोड़ की।
डांगी ने आरोप लगाया कि इस मामले में 39 निर्दोष लोगों पर मुकदमे दर्ज कर जेल भेज दिया गया, जिनमें कई अब भी जेल में हैं।
उन्होंने विधानसभा में सवाल खड़ा किया कि थाने से इतनी नजदीक अवैध शराब की दुकान कैसे संचालित हो रही थी और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी कौन हैं। डांगी ने मांग की कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो, निर्दोषों को राहत दी जाए और अवैध दुकान संचालित कराने में दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए।
