डूंगरपुर में झूमे बांध-तालाब: सोम कमला आंबा समेत 20 से ज्यादा बांध ओवरफ्लो
Share
गर्मियों तक नहीं होगा पानी का संकट
डूंगरपुर, 3 सितम्बर
डूंगरपुर जिले में इस बार हुई अच्छी बारिश ने जलस्रोतों को लबालब कर दिया है। जिले का सबसे बड़ा सोम कमला आंबा बांध समेत 20 से अधिक बांध और तालाब ओवरफ्लो हो गए हैं। जलदाय विभाग और सिंचाई विभाग का कहना है कि अब अगले साल बारिश तक जिले में पेयजल संकट नहीं होगा। गर्मियों में भी पर्याप्त पानी उपलब्ध रहेगा।
सोम कमला आंबा बांध से 100 गांवों को राहत
औसतन 750 एमएम बारिश वाले जिले में अब तक 722 एमएम बरसात दर्ज हो चुकी है। इसी से बांध और तालाबों में भरपूर पानी की आवक हुई। सोम कमला आंबा बांध के 13 में से 9 गेट हाल ही में खोले गए थे, जबकि 2 गेट पिछले 7 दिनों से खुले हुए हैं। यह बांध डूंगरपुर शहर सहित 100 गांवों को पानी सप्लाई करता है।
इसके अलावा डिमिया और एडवर्ड समन्द बांध भी पूरी तरह भर गए हैं। दोनों डेम 23 फीट क्षमता वाले हैं और अब ओवरफ्लो चल रहे हैं। वहीं, सागवाड़ा क्षेत्र का लोडेश्वर डैम भी छलक पड़ा है, जिससे पेयजल आपूर्ति की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है।
20 बांध और तालाब छलके, सिंचाई को भी मिलेगा पानी
जिले में सिंचाई विभाग के 20 अन्य बांध और तालाब भी लबालब हो गए हैं। सिंचाई विभाग की एक्सईएन अश्विनी ने बताया कि सभी बांध ओवरफ्लो होने से किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगा। बारिश रुकने के बाद भी सिंचाई सुविधा बनी रहेगी और किसान अच्छी पैदावार ले सकेंगे।
गैपसागर झील तक पहुंचा डिमिया का पानी
पहली बार डूंगरपुर शहर में जलापूर्ति का प्रमुख डिमिया डैम ओवरफ्लो होने के बाद पाइपलाइन से उसका पानी गैपसागर झील तक पहुंचाया गया। कलेक्टर और जलदाय विभाग की देखरेख में यह कार्य पूरा हुआ। पानी पहुंचते ही गैपसागर झील लबालब होने लगी है। साथ ही खुमानसागर से भी नहर के जरिए पानी आ रहा है। झील भरने से शहरवासियों में उत्साह है।
ये प्रमुख बांध-तालाब ओवरफ्लो
सोम कमला आंबा, लोडेश्वर, वात्रक, बाबा की बार, मारगिया, अमरपुरा, मेवाड़ा, आकरसोल का नाका, घोड़ियों का नाका, पूंजपुर, घोड़ी, सूरी, बोड़ीगामा, गलियाना, वरदोल का नाका, करावाड़ा तालाब, भादर, गड़ा झूमजी, गजपुर, काठंडी और भैं का नाका।
