देवगढ़ में बास्केटबॉल का जादू: 60 साल पुराने मैदान से उभर रहे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी
Share
लसानी। 29 अगस्त
देवगढ़ नगर की पहचान अब बास्केटबॉल खिलाड़ियों के दम पर भी बढ़ रही है। 1965 में कॉलतार (डामर) से बना पहला बास्केटबॉल मैदान तब जिले (उदयपुर) स्तर पर खिलाड़ियों को सफलता दिलाने का केंद्र बना। उस समय मधुकांत जोशी, रमण पुरोहित, संपत सिंह, भगवत सिंह चौहान, मुकुट लाल जोशी जैसे खिलाड़ी मैदान में उतरते ही विरोधी टीमों के लिए चुनौती बन जाते थे।
आज देवगढ़ में बास्केटबॉल प्रशिक्षण का सिलसिला और भी संगठित है। कोच दीनदयाल त्रिवेदी ने दो सिंथेटिक कोर्ट बनवाए हैं, जहां करीब 200 पुरुष, महिला और छात्र-छात्राएं नि:शुल्क अभ्यास करते हैं। त्रिवेदी परिवार के अन्य सदस्य—चंद्र प्रकाश, मनोज, आशीष और गगन त्रिवेदी—भी खिलाड़ियों के हुनर को निखार रहे हैं।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां
देवगढ़ की टीम ने राज्य और संभाग स्तर पर कई पदक जीते हैं। 2013 में सब-जूनियर अजमेर में स्वर्ण, 2014 अलवर में रजत, 2015 सवाई माधोपुर में रजत और 2016 जूनियर वर्ग में रजत पदक प्राप्त किए। 2023 में आशीष त्रिवेदी ने गोवा में 3X3 नेशनल में राज्य का नेतृत्व कर गोल्ड मेडल दिलाया। महिला टीम ने 2024 के ग्रामीण/शहरी ओलंपिक जोधपुर में रजत पदक और पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता।
खेल से रोजगार और करियर की ऊँचाई
देवगढ़ के कई खिलाड़ी खेल कोटे से राजस्थान पुलिस और शारीरिक शिक्षक जैसे पदों पर चयनित हुए हैं। चंद्र प्रकाश त्रिवेदी ने बीएसएफ में डीआईजी तक का पद हासिल किया। स्थानीय युवाओं के लिए बास्केटबॉल रोजगार और करियर का माध्यम भी बन चुका है।
खेल का सामाजिक और शैक्षिक प्रभाव
देवगढ़ में कुल पांच बास्केटबॉल मैदान हैं, जो जिले के किसी अन्य कस्बे या मुख्यालय में नहीं हैं। इसके अलावा नाथद्वारा विद्या निकेतन विद्यालय की बहनों और भाइयों की बैडमिंटन, खो-खो और कबड्डी टीमों ने जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
देवगढ़ से प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय—अंतरराष्ट्रीय पुरुष खिलाड़ियों में चंद्र प्रकाश त्रिवेदी, मुरलीधर दाधीच, दीनदयाल त्रिवेदी, राजेंद्र प्रसाद जोशी, टीकम सिंह, प्रवीण त्रिवेदी, आशीष त्रिवेदी, गगन त्रिवेदी, चंद्रवीर सिंह, लेखराज लक्षकार, मनोज त्रिवेदी, हिमांशु वैष्णव, पवन मेवाड़ा, पवन खोखर, हर्षित पालीवाल और शैतान गांवरिया शामिल हैं। महिला खिलाड़ियों में ऋतु जोशी, ज्योति राठौड़, विजेता नाराणीया, रेखा टांक, प्रियांशी जोशी, हेमलता लोहार, रिंकू पटवा, अनामिका धाबाई, जेहरा खातून, गौरी धाभाई और जानवी सिंह आदि हैं।
