नहीं आए जेडी श्रीनिवासन, बिना उद्घाटन मॉल में खुला पासपोर्ट सेवा केंद्र
Share
उदयपुर। 25 अगस्त
पासपोर्ट सेवा केंद्र अब सुभाष नगर से शिफ्ट होकर सोमवार से लेकसिटी मॉल में शुरू हो गया है। हालांकि विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर के.जी. श्रीनिवासन के नहीं आने से इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हो पाया।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी यशवंत मेथे ने बताया कि केंद्र में पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया तीन चरणों—A, B और C—में पूरी होती है। पहले चरण में डॉक्यूमेंट स्कैनिंग व बायोमेट्रिक, दूसरे में दस्तावेज सत्यापन और तीसरे में फाइल जमा होने के बाद पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया होती है।
नए केंद्र में आवेदकों की सुविधा के लिए कैफे, फीडिंग रूम, महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय और ऑनलाइन फीडबैक की व्यवस्था है। दीवारों पर राजस्थान की संस्कृति दर्शाने वाली आकृतियां बनाई गई हैं। साथ ही, वेटिंग एरिया में सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र है।
गौरतलब है कि पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने वर्ष 2015 में उदयपुर दौरे के दौरान यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की घोषणा की थी। तब नगर निगम ने नि:शुल्क भवन उपलब्ध कराया था, जहां बीते आठ वर्षों से यह कार्यालय संचालित हो रहा था।
