नाथद्वारा हत्या मामला: युवक की पीट-पीटकर हत्या का आरोपी गिरफ्तार
Share
500 रुपए के लेन-देन में किया था हमला, उदयपुर से मुंबई भागने की फिराक में था
राजसमंद, 21 दिसम्बर: नाथद्वारा थाना क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद फरार होकर उदयपुर के रास्ते मुंबई भागने की तैयारी में था, जिसे पुलिस ने समय रहते दबोच लिया।
एसपी ममता गुप्ता के निर्देशन में थाना इंचार्ज कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी रमेशचंद्र (28) पुत्र हजारीलाल गायरी निवासी उथनोल को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी के अनुसार 18 दिसंबर को भेरूलाल सुथार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई शांतिलाल की मंडियाना पावर हाउस पर चाय-नाश्ते की केबिन है।
16 दिसंबर की रात 8 से 9 बजे के बीच आरोपी ने 500 से 700 रुपए के बकाया लेन-देन को लेकर शांतिलाल से लाठी से मारपीट की, जिससे उसके सिर और आंख पर गंभीर चोटें आईं। घायल को उदयपुर के महाराणा भोपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
