पंडित दीनदयाल के लेख राष्ट्रवाद और जनकल्याण का दस्तावेज : ओम माथुर
Share
उदयपुर, 26 अगस्त
सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के लेख राष्ट्रवाद और जनकल्याण का जीवंत दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल की राष्ट्रभक्ति के विज्ञान को पूरी दुनिया मान्यता देगी।
राज्यपाल माथुर मंगलवार को प्रताप गौरव केंद्र, कुंभा सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। अवसर था डॉ. विजय विप्लवी और डॉ. कुंजन आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक ‘पत्रकार दीनदयाल उपाध्याय’ के विमोचन का।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी न केवल एक प्रखर राजनेता, बल्कि गहन चिंतक और सजग पत्रकार भी थे। उनके लेखन में समाज की व्यथा और समाधान दोनों दिखाई देते हैं। पत्रकारिता को उन्होंने समाज और संस्कृति की दिशा तय करने वाला माध्यम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने की। विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि यदि आज की पत्रकारिता दीनदयाल की निष्पक्षता और प्रतिबद्धता को अपनाए तो यह फिर से समाज का दर्पण और मार्गदर्शक बन सकती है।
सांसद डॉ. एम.एल. रावत, विधायक ताराचंद जैन, भाजपा नेता गजपाल सिंह राठौड़ और पुष्कर तेली सहित कई अतिथियों ने भी विचार व्यक्त किए। प्रारंभ में राष्ट्र साधना सृष्टि संस्थान के अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी और सचिव भंवरलाल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
