पाटन थाने में 2 घंटे तक हंगामा, थानेदार का कॉलर पकड़ा—टेबल का कांच फोड़ा
Share
कार्रवाई न होने पर ग्रामीण भड़के, 63 जनों पर केस दर्ज
उदयपुर। 6 सितम्बर
बांसवाड़ा जिले के छोटी सरवा गांव के एक युवक की 14 दिन पहले हुई मौत के मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीण शनिवार को बड़ी संख्या में पाटन थाने पहुंच गए। यहां पुलिस अधिकारियों से बहस के दौरान हालात बिगड़ गए और कुछ लोगों ने थानेदार की वर्दी का कॉलर पकड़ लिया। थाने में करीब 2 घंटे तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान टेबल का कांच भी तोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि मृतक लक्ष्मण (निवासी शोभावटी) की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या है। परिजनों का कहना है कि प्रकरण दर्ज होने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मृतक के भाई प्रेम चरपोटा ने कहा कि चार संदिग्धों के नाम सामने आने के बाद भी पुलिस लापरवाह बनी रही।
हंगामा बढ़ने पर थाने में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। कुशलगढ़ से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर ग्रामीणों को थाने के बाहर किया। इस बीच बड़ी संख्या में महिलाएं भी गेट पर धरने पर बैठ गईं और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
पाटन थाना अधिकारी हिम्मत बुनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लक्ष्मण की मौत का कारण डूबना बताया गया है। हालांकि परिजनों ने इस पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और ग्रामीण कुछ लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कई बार समझाइश देने के बावजूद ग्रामीण माने नहीं, जिसके बाद राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में 63 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
