पायलट को क्रेन से पहनाई 25 किलो की माला
Share
-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोले सचिन – कांग्रेस की होगी वापसी
उदयपुर, 7 सितंबर
पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट रविवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर उदयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किसी सितारे से कम नहीं रहा। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और गूंजते नारों के बीच उन्हें क्रेन से 25 किलो वजनी फूलों की विशाल माला पहनाई गई। माला की लंबाई और चौड़ाई 8-8 फीट बताई गई। इस अनूठे स्वागत का नेतृत्व पूर्व देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने किया, जबकि माला उनके बेटे और पंचायत समिति सदस्य अभिमन्यु सिंह झाला ने पहनाई।
एयरपोर्ट से पायलट सीधे सांवलिया जी धाम के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। पायलट ने कहा कि वे बाढ़ और बारिश से प्रभावित प्रदेशवासियों के लिए भी विशेष प्रार्थना करेंगे।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में पायलट ने कांग्रेस की मजबूती पर विश्वास जताते हुए कहा कि अगले तीन साल में प्रदेश में पार्टी की “बंपर वापसी” होगी। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस की जड़ें यहां गहरी हैं।
गौरतलब है कि सचिन पायलट हमेशा अपने जन्मदिन को खास अंदाज में मनाते आए हैं। कभी फतहसागर झील में चलती नाव पर तो कभी सज्जनगढ़ की ऊंचाई पर केक काटकर उन्होंने चर्चा बटोरी थी। इस बार क्रेन से पहनाई गई माला ने उनके स्वागत को और यादगार बना दिया।
पायलट ने इस अवसर पर देश में अमन-चैन और भाईचारे की भी कामना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोगों ने प्रेम और सम्मान दिया है, उससे यह साफ है कि कांग्रेस आने वाले समय में और मजबूत होकर उभरेगी।
