प्रतापगढ़ में सुबह-सुबह हिली धरती, दहशत में लोग घरों से बाहर निकले
Share
रिक्टर स्केल पर 3.9 तीव्रता, स्कूल की छत से गिरा प्लास्टर, दीवारों में आई दरारें
उदयपुर। 7 अगस्त
गुरुवार सुबह 10:07 बजे प्रतापगढ़ जिले में भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। अचानक धरती कांपने लगी, जिससे लोग घरों, दुकानों और कार्यालयों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर आ गए। कुछ देर तक पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। भूकंप के झटके कई स्थानों पर CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गए।
रिक्टर स्केल पर 3.9 तीव्रता, जमीन से 10 किमी नीचे था केंद्र
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 3.9 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। शहर के श्रीराम मार्केट, अकबरी मार्केट, गांधी चौराहा, बस स्टेशन, तलाक खेड़ा सहित कई क्षेत्रों में झटके महसूस किए गए।
स्कूल में मची हलचल, बच्चों को सुरक्षित निकाला
उंडा खोरा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में जमीन हिलते ही शिक्षकों ने बच्चों को तुरंत क्लासरूम से बाहर निकाल लिया और ग्राउंड में ले गए। वहीं सिद्धपुर गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय करमड़ी खेड़ा में एक कमरे और बरामदे की छत का प्लास्टर गिर गया तथा दीवारों में दरारें आ गईं। सौभाग्य से घटना के समय बच्चे खुले में बैठे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर एसडीएम अश्विनी मालू और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल ने पहुंचकर निरीक्षण किया।
कई कॉलोनियों में कंपन महसूस किया गया
नई आबादी, सदर बाजार, एरियापति, वाटर वर्क्स, बड़ा बाग कॉलोनी, मानपुर, हीरा कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में भी कंपन महसूस किया गया। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
28 दिन पहले भी राजस्थान में आए थे झटके
इससे पहले 28 दिन पूर्व भी जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और NCR क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। तब भूकंप की तीव्रता 4.4 थी और केंद्र हरियाणा के झज्जर में स्थित था।
