LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ में 70 लाख की सरकारी राशि गबन का खुलासा

Local

प्रतापगढ़ में 70 लाख की सरकारी राशि गबन का खुलासा

Share

ग्राम विकास अधिकारी भूपेश पाटीदार गिरफ्तार, फर्जी फर्मों को किया भुगतान

प्रतापगढ़ | 19 अगस्त
प्रतापगढ़ जिले में ग्राम पंचायत सामली पठार के विकास कार्यों के नाम पर 70 लाख रुपए की राजकीय राशि के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) भूपेश पाटीदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ई-पंचायत पोर्टल का दुरुपयोग कर फर्जी फर्मों के माध्यम से भुगतान करने और बिना सामग्री आपूर्ति के राशि हड़पने का आरोप है।
यह कार्रवाई ग्राम पंचायत सामली पठार के सरपंच दिलीप मीणा की शिकायत पर हुई। शिकायत के अनुसार, आरोपी भूपेश पाटीदार ने पंचायत समिति प्रतापगढ़ में कार्यरत रहते हुए अतिरिक्त चार्ज लेकर तकनीकी अधिकारियों और फर्जी फर्मों की मिलीभगत से यह गबन किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने सरपंच की एसएसओ आईडी को गलत तरीके से मैप कर अपनी आईडी से ही भुगतान स्वीकृत किया। इसके जरिए करीब 70 लाख रुपए पंचायत के खाते से फर्जी फर्मों को ट्रांसफर किए गए। इतना ही नहीं, पंचायत क्षेत्र से बाहर के लोगों को मस्टरोल में भुगतान भी किया गया।
प्रकरण थाना देवगढ़ में दर्ज किया गया था, जिसे बाद में धमोत्तर पुलिस को अनुसंधान हेतु सौंपा गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसिंह तथा वृत्ताधिकारी छोटीसादड़ी गजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
गहन पड़ताल में जब साक्ष्य मिले तो आरोपी भूपेश पाटीदार (32) निवासी सुरवानिया, जिला बांसवाड़ा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि तकनीकी अधिकारियों और चहेती कंस्ट्रक्शन फर्मों के बहकावे में आकर उसने यह हेराफेरी की। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस गबन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *