बैंक में दिनदहाड़े दो शातिर महिलाएं बैग काटकर ले उड़ीं 50 हजार
Share
-सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
उदयपुर। 7 अगस्त
राजसमंद जिले के आवरी माता मंदिर क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब बैंक में भीड़भाड़ के बीच दो शातिर महिलाओं ने एक ग्राहक के बैग को ब्लेड से काटकर 50 हजार रुपए पार कर लिए। यह चौंकाने वाली वारदात दिनदहाड़े अंजाम दी गई और पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
राजनगर थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित दिनेश माहेश्वरी 2.50 लाख जमा कराने बैंक पहुंचे थे। उसी समय दो अज्ञात महिलाएं बैंक में दाखिल हुईं और शातिर तरीके से दिनेश को घेर लिया। एक महिला ने बातों में उलझाया, जबकि दूसरी ने ब्लेड से बैग काटकर 50 हजार रुपए निकाल लिए। घटना का पता तब चला जब दिनेश ने रुपए कम होने की बात बैंक अधिकारियों को बताई।
बैंक प्रबंधन ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें दोनों महिलाएं संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाई गईं। सूचना पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं घटना के बाद उदयपुर की ओर भाग गईं। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी की गई है और सभी थानों को सतर्क किया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अगर ये महिलाएं कहीं दिखाई दें, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। त्योहारी सीजन के मद्देनज़र बैंक, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने की जरूरत है। यह घटना एक गंभीर चेतावनी है कि थोड़ी सी असावधानी आपके मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकती है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और संदिग्धों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
