भीमसोर स्कूल में 150 बच्चों के लिए सिर्फ 2 जर्जर कमरे
Share
ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, मरम्मत और नए कक्षा-कक्षों की मांग
डूंगरपुर | 19 अगस्त
जिले के भीमसोर गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की हालत बेहद दयनीय है। मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर स्कूल की जर्जर स्थिति को लेकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल 1999 से प्राथमिक स्तर पर संचालित हो रहा था, जिसे 2021 में उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया गया। वर्तमान में यहां कक्षा 1 से 8 तक 150 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन पूरे विद्यालय में केवल दो कमरे हैं, जो जर्जर स्थिति में हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्रमोन्नति के बाद भी विभाग ने न तो नया भवन बनाया और न ही अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण कराया, जिससे बच्चों को असुरक्षित और तंग हालात में पढ़ना पड़ रहा है। ज्ञापन में जर्जर कमरों की मरम्मत, अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण और विद्यालय की जमीन का सीमांकन करवाने की मांग की गई है।
