LOADING

Type to search

ममता बनर्जी का BJP पर हमला

National

ममता बनर्जी का BJP पर हमला

Share

कहा- मताधिकार छीनने की कोशिश नाकाम होगी, भाषायी आतंक बर्दाश्त नहीं

कोलकाता। 28 अगस्त
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर मतदाता सूची से नाम हटवाने और बंगालियों पर भाषायी आतंक फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य में सर्वे के लिए 500 से अधिक टीमें भेजी हैं, लेकिन जब तक वह जीवित हैं, किसी को भी लोगों का मताधिकार नहीं छीनने देंगी।

ममता कोलकाता में तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) के स्थापना दिवस पर बोल रही थीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद जांच करें कि उनका नाम वोटर लिस्ट में मौजूद है या नहीं। बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी हमला बोला और कहा कि आयोग का अधिकार क्षेत्र केवल चुनावी अवधि में तीन महीनों के लिए होता है, पूरे साल के लिए नहीं।

भाषा और पहचान के मुद्दे पर ममता ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि बंगाली भाषा ही न होती तो राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत किस भाषा में लिखे जाते। भाजपा स्वतंत्रता आंदोलन में बंगालियों की भूमिका को भुलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन तृणमूल इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

इधर, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी भाजपा को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से बंगाल नहीं जीत सकती, इसलिए मतदाता सूची में हेरफेर की कोशिश कर रही है। अभिषेक बोले- 2026 में जनता का समर्थन 2021 से भी बड़ा होगा। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि अगर उनमें दम है तो 50 सीटें जीतकर दिखाएं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *