मोदी सरकार ने अमेरिकी कपास पर टैक्स हटाया, किसानों के साथ धोखा: केजरीवाल
Share
नई दिल्ली। 28 अगस्त
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर अमेरिकी कपास पर 11% इम्पोर्ट ड्यूटी हटाने को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला भारतीय किसानों को नुकसान पहुंचाएगा और उन्हें आत्महत्या की ओर धकेल देगा।
केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारतीय उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाया, जबकि जवाब में भारत को अमेरिका पर 100% टैरिफ लगाना चाहिए था। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी सामान को टैक्स फ्री कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे अमेरिकी कपास भारतीय कपास से 15-20 रुपए प्रति किलो सस्ती हो जाएगी और अक्टूबर में जब भारतीय किसान अपनी उपज बेचने मंडियों में पहुंचेंगे, तो खरीदार नहीं मिलेंगे।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह कदम उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और किसानों को नुकसान पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के चोटीला में 7 सितंबर को किसानों के समर्थन में एक सभा आयोजित की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने अमेरिका और अन्य देशों की नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि यूरोप, चीन और कनाडा ने ट्रम्प की नीतियों का डटकर मुकाबला किया, लेकिन मोदी सरकार अमेरिकी दबाव में झुक रही है।
दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल अस्थायी है और 31 दिसंबर तक लागू रहेगी। वित्त मंत्रालय के अनुसार, इसका उद्देश्य घरेलू टेक्सटाइल उद्योग को सस्ती कपास उपलब्ध कराना और निर्यातकों को समर्थन देना है।
