शिक्षा के नए आयाम और नवाचार पर होगा मंथन
Share
विद्या वैभव इंटरनेशनल एजुकेशनल कॉन्क्लेव कल से
उदयपुर, 20 अगस्त (पंजाब केसरी): शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और बदलाव की दृष्टि से विद्या वैभव इंटरनेशनल एजुकेशनल कॉन्क्लेव व अवार्ड का आयोजन 22-23 अगस्त को द अनंता रिसोर्ट, उदयपुर में होगा। इसमें देश के 20 राज्यों और 4 देशों के अग्रणी शिक्षाविद भाग लेंगे।
मेजबान शौर्य आर्य ने बताया कि उद्घाटन पूर्व मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ करेंगे। कॉन्क्लेव का आयोजन सीडलिंग ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सहयोग से होगा, जबकि नेहा और सौरभ पालीवाल लॉजिस्टिक्स व जनसंपर्क संयोजक रहेंगे। कॉन्क्लेव का उद्देश्य कक्षा के अंदर और बाहर सीखने की नई तकनीकों और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना है। प्रत्येक सत्र कार्यात्मक निष्कर्षों के साथ समाप्त होगा ताकि शिक्षा में वास्तविक बदलाव संभव हो।
कॉन्क्लेव की अध्यक्षता शिक्षा उद्यमी श्रुतिधर आर्य करेंगे। इस दौरान विज़न दस्तावेज का प्रकाशन, उत्कृष्ट शिक्षकों व संस्थानों का सम्मान, इंटरैक्टिव कार्यशालाएं और प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। यह सम्मेलन शिक्षा की प्राचीन विरासत और आधुनिक नवाचार के संगम को बढ़ावा देगा।
