सीएम भजनलाल की पीएम मोदी से मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत
Share
सीएम भजनलाल की पीएम मोदी से मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत
जयपुर। 29 जुलाई
राजस्थान की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात संसद भवन में करीब 45 मिनट तक चली। इससे एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी पीएम मोदी से मिली थीं। दोनों मुलाकातों को राजस्थान की सियासी दिशा तय करने वाली बताई जा रही हैं।
सीएम और वसुंधरा से मुलाकात के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति का फीडबैक लिया है। सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हैं और जाट समुदाय के प्रतिनिधित्व पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से जाट समाज का कोई प्रमुख चेहरा सत्ता में नहीं है। ऐसे में इसे संतुलित करने के लिए सरकार और संगठन में नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
वसुंधरा राजे ने भी अपने समर्थकों को संगठन व सरकार में समुचित स्थान दिलाने की मांग पीएम से की है। माना जा रहा है कि प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार में उनके समर्थकों को भी स्थान मिल सकता है।
इस दौरान झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में हुए स्कूल हादसे पर भी चर्चा हुई। पीएम मोदी ने इस घटना पर पहले ही सोशल मीडिया पर दुख जताया था। झालावाड़ वसुंधरा राजे का विधानसभा क्षेत्र है, जिससे उनके बेटे दुष्यंत सिंह सांसद हैं। सीएम भजनलाल शर्मा ने मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने पीएम से राज्य के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। डबल इंजन की सरकार राजस्थान को आदर्श राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है।
