हथियारों को भी डिटेक्ट करेगा एआई ट्रैफिक सिस्टम
Share
राजस्थान का पहला इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम फतहपुरा चौराहे पर शुरू, सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों पर रखेगा नजर
उदयपुर, 12 नवम्बर: लेकसिटी उदयपुर में ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा तकनीकी कदम उठाया गया है। फतहपुरा चौराहे पर एआई आधारित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) का ट्रायल शुरू हो गया है। यह सिस्टम न केवल ट्रैफिक को स्मार्ट तरीके से नियंत्रित करेगा, बल्कि वाहनों में मौजूद धातु या छिपे हथियार और संदिग्ध वस्तुओं को भी डिटेक्ट कर पुलिस को अलर्ट करेगा।
हथियार का आकार पहचानकर देगा अलर्ट
आईटीएमएस में लगे कैमरे इस तरह डिजाइन किए गए हैं कि वे धातु आधारित वस्तुओं या हथियारों के आकार को पहचानकर तुरंत सिस्टम में सिग्नल भेज देते हैं। संदिग्ध वस्तु मिलने पर अलर्ट सायरन के जरिए अभय कमांड सेंटर और पुलिस को सूचना दी जाती है, ताकि तुरंत कार्रवाई हो सके। कैमरों में हथियारों और धातुओं से संबंधित पूरा डेटा अपलोड किया गया है।
इमरजेंसी और वीआईपी मूवमेंट के लिए त्वरित नियंत्रण
यह सिस्टम एआई तकनीक से ट्रैफिक की भीड़ को पहचानकर ग्रीन सिग्नल का समय स्वतः तय करता है। जिस दिशा में वाहन अधिक होंगे, वहां सिग्नल की अवधि बढ़ जाएगी, जिससे जाम और प्रदूषण में कमी आएगी।
आईटीएमएस में एक इमरजेंसी मोड जोड़ा गया है। इसके जरिए किसी वीआईपी मूवमेंट या आपात स्थिति में सिर्फ एक क्लिक से पूरे रूट पर ग्रीन सिग्नल किया जा सकता है।
ऊर्जा-कुशल और मोबाइल नियंत्रित तकनीक
करीब 10 लाख रुपए लागत से तैयार यह सिस्टम फिलहाल बिजली से संचालित है, लेकिन जल्द ही इसे सोलर एनर्जी से जोड़ा जाएगा। इसे मोबाइल एप के जरिए मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों मोड्स में चलाया जा सकता है।
जापानी तकनीक का भारतीय संस्करण
प्रोजेक्ट हेड ओजस शुक्ला ने बताया कि यह तकनीक जापान के मॉडल पर आधारित है, जिसे जर्मनी और सिंगापुर जैसे देशों में सफलतापूर्वक अपनाया गया है। भारत में पहली बार इसे कैमरा-आधारित सॉफ्टवेयर सिस्टम के रूप में उदयपुर में लागू किया जा रहा है।
अभय कमांड सेंटर से होगी निगरानी
पूरा सिस्टम अभय कमांड सेंटर से नियंत्रित होगा। ट्रायल सफल रहने पर यह प्रोजेक्ट सूरजपोल, देहली गेट, चेतक सर्कल और कोर्ट चौराहे सहित अन्य स्थानों पर भी लगाया जाएगा। सफलता की स्थिति में उदयपुर देश का पहला शहर बन जाएगा, जहां एआई आधारित ट्रैफिक और सुरक्षा नियंत्रण प्रणाली एक साथ संचालित होगी।
