10वीं पास बन बैठा डॉक्टर, कर रहा था इलाज
Share
BCMO की कार्रवाई: क्लिनिक सीज, अवैध दवाइयां जब्त, झोलाछाप हिरासत में
गोगुन्दा, 19 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए 10वीं पास युवक द्वारा चलाए जा रहे अवैध क्लिनिक का भंडाफोड़ किया। गोगुंदा BCMO डॉ. दिनेश मीणा ने पदराड़ा गांव के मादड़ी छापर स्थित चांदसी क्लिनिक पर छापा मारा, जहां संतु कुमार नामक युवक बिना किसी मेडिकल डिग्री के मरीजों का इलाज करता पाया गया।
छापे के दौरान जब BCMO ने उससे योग्यता संबंधी पूछताछ की, तो उसने खुद स्वीकार किया कि वह मात्र 10वीं पास है और उसके पास किसी तरह का चिकित्सा अनुमोदन नहीं है। यह सुनकर टीम भी हैरान रह गई। तुरंत मौके पर क्लिनिक को सीज कर दिया गया तथा भारी मात्रा में अवैध दवाइयां जब्त की गईं। इसके बाद संतु के खिलाफ सायरा थाने में FIR दर्ज कर उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
कार्रवाई के दौरान क्लिनिक में मौजूद मरीज टीम को देखते ही वहां से भाग निकले। वहीं, आसपास के कई झोलाछाप क्लिनिक संचालकों में हड़कम्प मच गया और वे अपने केंद्र बंद कर फरार हो गए। सायरा बस स्टैंड क्षेत्र में कृष्णा होमियो क्लिनिक सहित तीन अन्य क्लिनिकों को अंतिम चेतावनी दी गई कि बिना अनुमति चिकित्सा कार्य करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने इसके बाद रावछ गांव में भी निरीक्षण किया, जहां दो अवैध क्लिनिक संचालक कार्रवाई की भनक लगते ही केंद्र बंद कर भाग गए। दोनों क्लिनिकों को सीज कर दिया गया है।
BCMO डॉ. मीणा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर लगातार सख्ती जारी रहेगी और बिना योग्यता व अनुमति इलाज करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
