LOADING

Type to search

कुलगुरु निवास पर पुलिस से झड़प मामले में 12 पर केस

Local

कुलगुरु निवास पर पुलिस से झड़प मामले में 12 पर केस

Share

सुखाड़िया यूनिवर्सिटी विवाद
छात्रों ने कक्षाएं बाधित नहीं करने का दिया आश्वासन

उदयपुर, 25 सितम्बर: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की कुलगुरु प्रोफेसर सुनीता मिश्रा के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच, पुलिस ने पिछले दिनों कुलगुरु निवास पर नेमप्लेट पर कालिख पोतने पहुंचे छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प के मामले में प्रतापनगर थाने में 12 छात्रों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। इसकी जानकारी के बाद छात्रों में गुस्सा बढ़ गया है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को छात्र स्कूटी और कारों में सवार होकर कुलपति आवास पहुंचे थे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने गेट तोड़ने और नेमप्लेट पर कालिख पोतने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्कमपेल हो गई। हंगामे में हैड कांस्टेबल महावीर प्रसाद सालवी की वर्दी और चेहरे पर कालिख पोत दी गई, जबकि कांस्टेबल भूपेन्द्र और जयपाल की वर्दी फट गई। दो महिला कांस्टेबल के साथ भी धक्कमपेल हुई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने करीब पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया था। बाद में हैड कांस्टेबल महावीर प्रसाद की रिपोर्ट पर राजकार्य में बाधा और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक छात्रनेता रौनकराज सिंह शक्तावत, त्रिभुवन सिंह राठौड़, चिराग दायमा और गौतम बंधु समेत अन्य छात्र इस घटना में शामिल थे।
वहीं, छात्रों का कहना है कि जब तक कुलगुरु को निलंबित नहीं कर दिया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ ही, छात्रों ने आंदोलन के दौरान कक्षाओं को बाधित न करने का आश्वासन दिया है। गुरुवार को विश्वविद्यालय छात्र संघ के प्रतिनिधियों ने अपने मांग पत्र के साथ कलक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
इधर, प्रो. कर्नाटक ने संभाला कार्यभार
महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अजित कुमार कर्नाटक ने गुरुवार को अतिरिक्त प्रभार के रूप में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलगुरु का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. बी. सी. गर्ग और डिप्टी रजिस्ट्रार मुकेश बारबर ने प्रो. कर्नाटक का औपचारिक रूप से स्वागत किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *