सांवरा सेठ के दरबार में 15 क्विंटल मालपुए लुटाए
Share
अन्नकूट पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, घर-घर बंटे प्रसाद के पैकेट
चित्तौड़गढ़, 23 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में अन्नकूट पर्व पर बुधवार रात मालपुए लुटाने की वर्षों पुरानी परंपरा उत्साह के साथ निभाई गई। ठाकुरजी की विशेष आरती के बाद मंदिर परिसर में मालपुओं की लूट शुरू हुई तो श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भर गया।
मंदिर मंडल और ओसरा पुजारी की देखरेख में 15 क्विंटल मालपुए तैयार किए गए। इनमें से लगभग 3 क्विंटल मालपुए मंदिर परिसर में लुटाए गए, वहीं 3 क्विंटल प्रसादी के रूप में बांटे गए। शेष 9 क्विंटल मालपुए गांव के घर-घर जाकर प्रसाद स्वरूप वितरित किए गए। इस अनूठी लूट परंपरा में मेवाड़ के अलावा गुजरात और मध्यप्रदेश से आए भक्तों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शाम को गोवर्धन पूजा के बाद सांवरा सेठ को पताशे, गन्ने के टुकड़े और मालपुए का भोग लगाया गया। रात 12 बजे मालपुए लुटाने के बाद देवकीसदन धर्मशाला में देर रात 2 बजे तक महाप्रसादी का आयोजन चला, जिसे ब्रह्म भोज कहा जाता है। इसमें करीब 30 से 35 प्रकार की सब्जियों से बना महाप्रसाद परोसा गया। यह आयोजन परंपरा, भक्ति और सामूहिक आनंद का प्रतीक बना रहा।
