नौकरी के नाम पर 180 युवाओं से ठगी
Share
सैलरी न मिलने पर थाने पहुंचे पीड़ित, बोले– पैसे मांगे तो मिली धमकी
बांसवाड़ा, 7 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद एजुकेशन एंड वेलफेयर संस्था पर करीब 180 युवाओं से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक-युवतियां सामूहिक रूप से दानपुर थाने पहुंचे और एजेंटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया कि संस्था से जुड़े कालाखेता निवासी केसर, उनके पति नारायण और लता चौहान ने युवाओं को शिक्षक सहायक और एरिया मैनेजर के पद पर नौकरी का झांसा दिया। युवाओं को बताया गया कि उन्हें गांवों में बच्चों को पढ़ाने और पोषाहार वितरण का कार्य करना होगा। कुछ महीनों तक उनसे काम करवाया भी गया, लेकिन वेतन नहीं मिला।
पीड़ितों ने बताया कि शिक्षक सहायक पद के लिए 7 से 10 हजार और एरिया मैनेजर पद के लिए 30 से 35 हजार रुपए तक लिए गए। छोटी सरवन निवासी पूजा निनामा ने बताया कि उसने एरिया मैनेजर पद के लिए 32 हजार रुपए दिए, लेकिन तीन महीने काम करवाने के बाद सैलरी नहीं मिली। जब पैसे मांगे तो आरोपी बोले, “जहां शिकायत करनी है कर दो, जेल से आकर देख लेंगे।”
दानपुर थानाधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि सामूहिक परिवाद प्राप्त हुआ है और जांच शुरू कर दी गई है। छात्र नेता आनंद निनामा और सामाजिक कार्यकर्ता प्रभुलाल कटारा ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की फर्जी संस्थाएं बेरोजगार युवाओं को ठग रही हैं और इन पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
वहीं संस्था से जुड़ी केसर और लता चौहान ने कहा कि कुछ युवाओं को भुगतान कर दिया गया है, बाकी को जल्द सैलरी दी जाएगी। संस्था के कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार ने दावा किया कि संस्था से 843 लोग जुड़े हैं और छोटी सरवन क्षेत्र में यह केवल “उधारी का मामला” है।
