Share
राजसमंद विधायक दीप्ति सड़क हादसे में घायल, आईसीयू में भर्ती
उदयपुर। 30 अगस्त
राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी (37) शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उदयपुर-राजसमंद नेशनल हाईवे पर उदयपुर शहर के अंबेरी के पास हुआ, जब उनकी कार को सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार दीप्ति माहेश्वरी राजसमंद में एक धार्मिक कार्यक्रम से लौटकर उदयपुर आ रही थीं। उनके साथ कार में निजी सहायक जय और ड्राइवर धर्मेंद्र थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों की मदद से तीनों को तुरंत गीतांजली हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि दीप्ति माहेश्वरी की पसलियों में फ्रैक्चर है और उन्हें एहतियातन आईसीयू में रखा गया है। उनके PA जय को सिर में गहरी चोट आई है, जबकि ड्राइवर धर्मेंद्र भी घायल है। फिलहाल तीनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना में शामिल TUV कार में सवार चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें इमरान खान (33 वर्ष), उस्मान गनी (25 वर्ष), मोहम्मद इमरान (44 वर्ष) और सागर लोहार (21 वर्ष) शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि चारों उदयपुर निवासी हैं और मैकेनिक का काम करते हैं, जबकि इनकी कार गुजरात नंबर की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा हाईवे पर कट से अचानक मुड़ने के कारण हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज किया। दीप्ति माहेश्वरी अक्सर राजसमंद और उदयपुर दोनों जगह कार्यक्रमों में रहती हैं। शुक्रवार रात भी वह राजसमंद से लौटकर उदयपुर अपने घर जा रही थीं और शनिवार को उदयपुर की पिछोला झील के गणगौर घाट पर होने वाले चुनरी महोत्सव पर भाग लेने वाली थीं, लेकिन घर से लगभग 10 किलोमीटर पहले ही यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर और राजसमंद के भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
