डूंगरपुर में 194 बैग अवैध यूरिया जब्त, गुजरात से आ रहा ट्रक पकड़ा
Share
डूंगरपुर, 9 दिसम्बर : रबी सीजन में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धम्बोला थाना पुलिस ने बड़ी सफलता दर्ज की। पुलिस ने गड़ा पट्टापीठ रोड पर एक ट्रक को रोककर उसमें भरे 194 बैग अवैध यूरिया जब्त किए। ट्रक गुजरात से डूंगरपुर की ओर आ रहा था।
कृषि विभाग की सहायक निदेशक गीता रोत की शिकायत पर कार्रवाई की गई। थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि ड्राइवर पंकज रावल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ट्रक में एचयूआरएल कंपनी का माल भरा मिला, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस और कृषि विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि फसल सीजन में अवैध स्टॉक और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि किसानों को खाद की उपलब्धता प्रभावित न हो।
उदयपुर में खाद विक्रेताओं का विरोध तेज
मेवाड़ एग्री इनपुट डीलर्स एसोसिएशन ने यूरिया वितरण व्यवस्था में कथित दखल और शर्तों को लेकर नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि कृषि विभाग यूरिया वितरण के लिए डीएपी या अन्य आदान की अनिवार्य खरीद की शर्त थोप रहा है, जिससे डीलर्स और किसानों दोनों को नुकसान हो रहा है। डीलर्स का कहना है कि सोसायटियों को बार-बार यूरिया आवंटित किया जा रहा है, जबकि लाइसेंसधारी डीलर्स को डीलिंग से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि वैध दस्तावेजों के साथ कार्य कर रहे डीलर्स को रोका गया तो जिलेभर के उर्वरक विक्रेता दुकानें बंद कर आंदोलन करेंगे।
