डूंगरपुर में चोरी की 23 वारदातों का पर्दाफाश
Share
दो गिरफ्तार, नाबालिग साथी हिरासत में
शहर और आसपास के गांवों में सुनसान दुकानों और स्कूलों को बनाते थे निशाना
डूंगरपुर, 10 जनवरी: कोतवाली पुलिस ने 23 चोरी की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके नाबालिग साथी को डिटेन किया है। शहर और आसपास के सुरपुर तथा बलवाड़ा गांवों के निवासी मुकेश (20) पुत्र लखमा कोटेड मीणा और गोविंद (26) पुत्र नाना बरांडा मीणा ने मिलकर दुकान, घर, स्कूल और केबिनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
कोतवाली सीआई अजय सिंह राव ने बताया कि शहर और आसपास के इलाकों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं में वृद्धि होने पर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय सुनसान जगहों में चोरी करते थे। वारदातों में खेरी मोड़ की दुकान, बोरी केतन फला की केबिन, भंडारिया स्कूल और मित्र निवास सरकारी स्कूल से गैस सिलेंडर, खेल सामग्री और चूल्हा सहित अन्य सामान चोरी करना शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में उपयोग की गई बाइक जब्त कर ली है। आरोपियों ने बताया कि ये चोरी मौज-शौक और व्यक्तिगत लाभ के लिए की गई। पुलिस अभी उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित वारदातों का पता लगा रही है।
