LOADING

Type to search

बीटीपी के 45 नेता कांग्रेस में शामिल

Local

बीटीपी के 45 नेता कांग्रेस में शामिल

Share

डोटासरा बोले – आदिवासियों के साथ से ही कांग्रेस होती है मजबूत
डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा भी रहे मौजूद, डोटासरा ने अंता उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का किया दावा, भाजपा पर साधा निशाना
उदयपुर, 6 नवम्बर:
भारतीय ट्राइबल्स पार्टी (बीटीपी) को बड़ा झटका देते हुए उसके 45 नेता आज जयपुर में कांग्रेस में शामिल हो गए। इस दौरान डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा भी मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आदिवासी समाज के समर्थन से ही कांग्रेस मजबूत रही है। उन्होंने कहा कि जब आदिवासी भाइयों ने कुछ कारणों से पार्टी छोड़ी, तब कांग्रेस कमजोर हुई, लेकिन अब उनका वापस आना पार्टी को और सशक्त करेगा।
डोटासरा ने कहा, “कुछ हमारी कमियां रहीं और कुछ लोगों ने आदिवासी भाइयों को भ्रमित किया। लेकिन यह सच्चाई है कि इस देश के निर्माण में आदिवासियों का बड़ा योगदान रहा है। कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी हितों की रक्षा की है और उन्हें सशक्त करने के लिए कई ऐतिहासिक कानून बनाए हैं।”
अंता में कांग्रेस की जीत का दावा
अंता उपचुनाव को लेकर डोटासरा ने दावा किया कि कांग्रेस वहां बहुमत से जीतेगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि “राजस्थान में भाजपा वोट चोरी के आधार पर सरकार चला रही है।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भाजपा की सच्चाई उजागर कर रहे हैं, जिससे पार्टी बौखलाई हुई है। डोटासरा ने निर्वाचन आयोग की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
किरोड़ी लाल मीणा में दम है तो सीएमओ में मारें छापा
उन्होंने मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर तंज कसते हुए कहा, “किरोड़ी जी छापे पर छापे मार रहे हैं। अगर हिम्मत है तो एक दिन सीएमओ पर छापा मार दें। वैसे भी आप संघर्ष करने वाले व्यक्ति हैं, पर यह संघर्ष गरिमा में रहकर होना चाहिए।”
डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राजस्थान में जनता परेशान है, ब्यूरोक्रेसी मंत्रियों पर हावी है। भाजपा को पता है कि दो साल के शासन के आधार पर वह चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए लालच देकर वोट बटोरने की कोशिश की जा रही है।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *