पतंग उड़ाते समय 5 वर्षीय बालक कुएं में गिरा, मौत
Share
खेत पर पिता के साथ गया था, शाम तक नहीं लौटने पर हुई तलाश शुरू
प्रतापगढ़, 12 दिसम्बर: प्रतापगढ़ जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय बालक बलवीर की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मासूम अपने पिता कालूराम मीणा के साथ खेत पर गया था, जहां वह खेलते-खेलते पतंग उड़ा रहा था।
घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। पिता सिंचाई का काम कर रहे थे, जबकि पास में पतंग उड़ाते हुए बलवीर खेल-खेल में खेत के पास बने कुएं के किनारे पहुंच गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गया। कुछ देर बाद जब वह घर नहीं लौटा तो पिता को उसकी चिंता हुई। परिवार व ग्रामीणों ने तत्काल तलाश शुरू की। खोज के दौरान एक पेड़ पर उलझी उसकी पतंग मिली, जिससे कुएं के आसपास खोजबीन तेज हुई।
करीब रात 9:30 बजे ग्रामीणों को कुएं में बालक का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बलवीर को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी अंबालाल जटिया के अनुसार, शुक्रवार दोपहर मृतक के पिता ने मॉर्च्युरी में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मजदूरी करने वाला यह परिवार बेटे की अचानक मौत से गहरे सदमे में है।
