68 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और 13 किलो घी जब्त
Share
बांसवाड़ा में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत 4 दिन में लिए 32 सैंपल
udr bns 01
उदयपुर, 10 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क):आगामी दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर और ग्रामीण इलाकों में शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत शुक्रवार को कुपड़ा क्षेत्र की किराणा दुकान से 68 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और तलवाड़ा की गांधी मूर्ति के पास दुकान से 13 किलो एक्सपायरी वनस्पति घी जब्त कर नष्ट किया गया। टीम ने सुनंदपुर में मावे के सैंपल भी लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी उम्मेदमल टेलर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दीपावली के दौरान मिठाइयां, तेल, घी और कोल्ड ड्रिंक में कोई मिलावट न हो और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले। सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टेलर ने बताया कि 6 अक्टूबर से शुरू किए गए अभियान में अब तक 32 प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए गए हैं। इसमें मिठाई, दूध, मावा, तेल और मसालों के नमूने शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की सेहत के साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी दुकान पर मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री बिक्री पर हो, तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें, ताकि मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
