LOADING

Type to search

8 साल से फ्री भवन में चल रहा पासपोर्ट कार्यालय अब लाखों किराए पर मॉल में शिफ्ट

Local

8 साल से फ्री भवन में चल रहा पासपोर्ट कार्यालय अब लाखों किराए पर मॉल में शिफ्ट

Share

लोगों ने जताया विरोध, निगम भवन की सुविधाएं होंगी बेकार
उदयपुर। 24 अगस्त
उदयपुर शहर के सुभाष नगर इलाके में नगर निगम के भवन में संचालित पासपोर्ट ऑफिस को सोमवार से लेकसिटी मॉल में शिफ्ट किया जा रहा है। निगम ने करीब 8 साल पहले इस कार्यालय को नि:शुल्क भवन उपलब्ध कराया था, लेकिन अब यह लाखों रुपए प्रतिमाह किराए पर मॉल में संचालित होगा।
पासपोर्ट सेवा केंद्र का संचालन निजी कंपनी टीसीएस करती है, जिसे शिफ्टिंग और किराए की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर नि:शुल्क भवन उपलब्ध होने के बावजूद किराए पर शिफ्ट करने की जरूरत क्यों पड़ी। लोग इसे निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने वाला कदम बता रहे हैं और विरोध जता रहे हैं।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी यशवंत मेथे ने बताया कि यह निर्णय सरकार स्तर पर हुआ है। किराए की राशि की जानकारी उन्हें नहीं है, क्योंकि इसकी जिम्मेदारी टीसीएस को दी गई है।
9 साल पहले निगम ने फ्री में 20 साल के लिए कराया उपलब्ध
गौरतलब है कि वर्ष 2015 में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उदयपुर दौरे पर पासपोर्ट सेवा केंद्र की घोषणा की थी। तब नगर निगम ने करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से बने दो मंजिला भवन को नि:शुल्क उपलब्ध कराया था। इसमें लिफ्ट, बेबी फीडिंग रूम, सर्वर रूम, वेटिंग एरिया, डीजी सेट, हाई लेवल इलेक्ट्रिक पैनल, महिला-पुरुष टॉयलेट और सेपरेट ट्रांसफार्मर जैसी सभी सुविधाएं मानकों के अनुसार उपलब्ध करवाई गई थीं। अब इस पूरे भवन की 20 साल की पंजीकृत लीज डीड के बावजूद यह खाली हो जाएगा और पासपोर्ट कार्यालय को किराए पर मॉल में शिफ्ट करने के फैसले का विरोध तेज हो गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *